After Header-1

उत्तराखंड की बेटी डॉ. पूजा गौड़ को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया सम्मानित

 देहरादून। उत्तराखंड की बेटी डॉ. पूजा गौड़ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और कार्यों से देश का गौरव बढ़ाया है। यूरोप के बोलोनिया शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समिट में उन्हें प्रतिष्ठित ‘चेंज मेकर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया और इसे पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बताया।

डॉ. पूजा गौड़ को यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान महिलाओं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने महिला किसानों को विपणन व्यवस्था से जोड़ने, सहकारिता को प्रोत्साहित करने, व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से घोषित ‘इंटरनेशनल ईयर ऑफ द वुमेन फार्मर-2026’ के अवसर पर अग्रया के तत्वावधान में इस अंतरराष्ट्रीय समिट का आयोजन किया गया था। इसमें दुनिया के 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भारत की ओर से डॉ. पूजा गौड़ का चयन उनके उत्कृष्ट कार्यों और महिला किसानों के हित में किए गए प्रयासों के आधार पर किया गया।

डॉ. पूजा गौड़ को इससे पहले भी उनके सामाजिक एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े कार्यों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपलब्धियों से उत्तराखंड के साथ देश का नाम रोशन किया है। महिला किसानों को बाजार से जोड़ने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक से परिचित कराने के उनके प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. पूजा गौड़ जैसी प्रतिभाएं महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रही हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.