After Header-1

धामी समेत तीन मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस 23 नवंबर को राजभवन तक निकालेगी पदयात्रा

 देहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी 10 से 30 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत हस्ताक्षर अभियान, राजभवन तक पदयात्रा और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकार को घेरने की तैयारी है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि अभियान के पहले चरण में 10 से 15 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लाक और नगर मुख्यालयों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर जनता से समर्थन जुटाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के लिए विशेष पंपलेट और 6×15 फीट के बैनर तैयार किए जाएंगे। सभी जिला और ब्लाक इकाइयों को हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पंपलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आंदोलन के दूसरे चरण में 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय से लोकभवन (राजभवन) तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान प्रदेशभर से एकत्र किए गए हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा जवाबदेही तय करने की मांग उठाएगी।

वहीं, 25 से 30 नवंबर तक सभी जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के जरिए सांकेतिक अदालतें लगाई जाएंगी। इनमें भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए जाएंगे।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला और विधानसभा प्रभारियों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस ने सभी संगठनात्मक इकाइयों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि सरकार की जवाबदेही तय कराने के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.