After Header-1

झांसी से गिरफ्तार हुए मंत्री रेखा आर्य के पति, भतीजा भी दबोचा गया; जेल में मनेगी दिवाली

  देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े चार कंपनियों में कथित फर्जीवाड़े और प्रताड़ना के मामले में फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू और भतीजे सतेंद्र राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा से पकड़ा। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस बार दोनों की दीपावली जेल में ही मनेगी।

मंत्री रेखा आर्य ने बीते 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साहू ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उनसे विवाह किया और शादी के बाद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके अलावा जाली हस्ताक्षर के जरिए उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया गया है।

जांच में यह बात सामने आई कि मंत्री को निदेशक पद से हटाने के बाद साहू ने अपने भतीजे सतेंद्र राठौर को कंपनियों में निदेशक बना दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।

पुलिस जांच में आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया। गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और उत्तराखंड में हत्या, बलवा, गैंगस्टर एक्ट समेत 44 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं, अन्य रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ करीब 50 मुकदमों का उल्लेख है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह फरार था। उसके नेपाल भागने की आशंका के चलते पुलिस ने नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया था। आखिरकार एसआईटी ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया।

बॉक्स खबर

गिरफ्तारी के बाद बोले साहू- पत्नी खुश है तो यही सही

देहरादून। गिरफ्तारी के बाद गिरधारी लाल साहू का एक बयान भी सामने आया है। उसने कहा कि अगर उसके जेल जाने से उसकी पत्नी खुश है तो यही सही। पुलिस ने साहू को झांसी और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली से गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मंत्री रेखा आर्य ने पति पर पहली शादी छिपाने, प्रताड़ित करने और फर्जी हस्ताक्षर से चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के आरोप लगाए हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.