After Header-1

जेनी के आरोपों पर महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को घेरा, राहुल-प्रियंका से मांगा जवाब

 देहरादून। कांग्रेस नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर जेनी की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर उत्तराखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सार्वजनिक मंचों से महिला सम्मान, अधिकारों और न्याय की बात करते हैं। ऐसे में जब उनकी ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता पर गंभीर आरोप लगे हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल करते हुए कहा कि महिला न्याय और अधिकारों की बात करने वाले नेताओं को इस मामले में भी सामने आकर जवाब देना चाहिए।

भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी और गणेश गोदियाल लगातार महिलाओं के अधिकारों की बात करते रहे हैं। वहीं, प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ भी देशभर में चर्चित रहा है। ऐसे में जेनी द्वारा कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पार्टी नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जेनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जो आरोप सार्वजनिक किए हैं, उन पर कांग्रेस को अपना पक्ष रखना चाहिए। महिला सम्मान और न्याय के मुद्दे पर राजनीतिक दलों का रवैया एक जैसा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आना उसकी कथनी और करनी के बीच अंतर को उजागर करता है।

भट्ट ने कहा कि मामला गंभीर है और इसमें राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और सच्चाई सामने आ सके।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.