देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को 6 नवंबर को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी और सतेंद्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा से गिरफ्तार किया गया। मामले में दोनों से एसआईटी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंत्री रेखा आर्य ने कैंट कोतवाली में लिखित शिकायत देकर पति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया था कि गिरधारी लाल साहू ने पहले से विवाहित होने की बात छिपाकर उनसे शादी की। इसके अलावा गाली-गलौज, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का आरोप भी लगाया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 158/26 दर्ज कर धोखाधड़ी, जालसाजी, मारपीट, धमकी, घरेलू प्रताड़ना और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने एसपी ग्रामीण के पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने ऑडियो क्लिप कब्जे में लेने के साथ गवाहों के बयान दर्ज किए और दस्तावेजों की पड़ताल की। एसआईटी के मुताबिक, जांच में गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सतेंद्र राठौर की भूमिका सामने आई। आरोप है कि दोनों ने कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रेखा आर्य को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाया और उनकी जगह सतेंद्र राठौर को निदेशक बना दिया।
पुलिस जांच में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

