After Header-1

घर के पास घात लगाकर बैठा था गुलदार, मेला देखकर लौट रहे 13 साल के हिमांशु को बनाया शिकार

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। लोहाघाट क्षेत्र के सुई डूंगरी गांव में बुधवार देर शाम हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रायकोट मेला देखकर घर लौट रहे किशोर पर गुलदार ने घर के नजदीक ही हमला कर दिया और उसे घसीटकर खेतों की ओर ले गया। देर रात तलाश के दौरान उसका शव घर से करीब 30 मीटर नीचे खेत में मिला।

मृतक की पहचान गंगादत्त पुजारी के पुत्र हिमांशु पुजारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हिमांशु रायकोट मेला देखकर घर लौट रहा था। घर से लगभग 30 मीटर पहले घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। काफी देर तक किशोर के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 9:30 बजे उसका शव खेत में बरामद हुआ। ग्रामीण उसे तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि गुलदार पिछले कई दिनों से गांव के आसपास दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को देने के साथ ही पिंजड़ा लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने, पिंजड़ा लगाने और क्षेत्र में नियमित गश्त कराने की मांग उठाई है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटनास्थल का भी दौरा किया तथा वन विभाग को तत्काल पिंजड़े लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद सुई डूंगरी समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को रात के समय तैनात करने और गुलदार के हमलों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.