महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि जो राजनीतिक दल संसद को सड़क पर लाने की कोशिश करते रहे, वे अब सड़क पर संसद का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास हासिल करने में बार-बार विफल होने वाले दल अब संवैधानिक चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
भट्ट ने विपक्ष के ‘देश बचाओ, वोट बचाओ’ अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सब देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने वोट के अधिकार को घुसपैठियों के हाथों में सौंपकर देश की सुरक्षा को खतरे में डाला, वही आज देश और वोट बचाने की बात कर रहे हैं। उनके मुताबिक विपक्ष का यह अभियान राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तराखंड कांग्रेस के दावों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास न तो मजबूत संगठन है और न ही जनता के बीच स्वीकार्यता। ऐसे में पार्टी के नेताओं के लिए दिल्ली और देहरादून दोनों ही दूर नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश उचित नहीं है। जनता बार-बार अपने मताधिकार के माध्यम से राजनीतिक दलों को जवाब देती है।
भट्ट ने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक कार्यक्रमों और आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता के विश्वास को जीतने के लिए काम करना चाहिए। भाजपा ने स्पष्ट किया कि विपक्ष की रैलियों और अभियानों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित नहीं होने वाली है।
