पनामा सिटी, 13 अक्टूबर। पनामा में शक्तिशाली भूकंप के कुछ दिन बाद एक बार फिर धरती कांपने से लोगों में दहशत फैल गई। सोमवार, 12 अक्टूबर को आए 6.4 तीव्रता के भूकंप के झटकों से वेरागुआस प्रांत के सोना जिले में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। फिलहाल इस ताजा भूकंप से हुए नुकसान और जनहानि के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पनामा के स्पेनिश भाषा के दैनिक अखबार क्रिटिका (सीआरआईटीआईसीए) की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार दोपहर क्षेत्र में भूकंपीय हलचल महसूस की गई। इसके बाद शाम करीब 6:20 बजे 6.4 तीव्रता का एक और झटका आने की जानकारी दी गई। इसकी गहराई करीब दो किलोमीटर बताई गई, जबकि इसका केंद्र कोइबा द्वीप से लगभग 29 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।
हालांकि, भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने इस भूकंप की तीव्रता 6.1 दर्ज की। केंद्र के अनुसार, भारतीय समयानुसार यह झटका सुबह 4 बजकर 50 मिनट 37 सेकंड पर आया। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे थी।
तीन दिन पहले आया था 7.7 तीव्रता का भूकंप
पनामा में ताजा भूकंपीय गतिविधि से पहले शुक्रवार को लॉस सैंटोस प्रांत के टोनोसी इलाके में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसके बाद देश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ था। लगातार झटकों के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
परिवहन और हवाई सेवाएं हुई थीं प्रभावित
पिछले शक्तिशाली भूकंप के बाद पनामा में सार्वजनिक परिवहन और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा था। एहतियात के तौर पर देश की दो मेट्रो लाइनों का संचालन रोक दिया गया था। मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था।
दक्षिणी तट पर स्थित कोक्ले प्रांत में सबसे ज्यादा नुकसान की खबरें सामने आई थीं, जबकि राजधानी पनामा सिटी में भी कुछ क्षति दर्ज की गई थी। लगातार भूकंपीय झटकों के बीच स्थानीय लोग और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
