न्यूयॉर्क, 13 अक्टूबर। हॉलीवुड अभिनेत्री सेल्मा ब्लेयर को अमेरिका के जॉन एफ. केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया है। उन पर लॉस एंजिलिस से न्यूयॉर्क आ रही डेल्टा एयरलाइंस की उड़ान में दो विमान परिचारिकाओं के साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय एक महिला पुलिस अधिकारी और अस्पताल में एक नर्स के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई।
सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यूजर्सी ने बताया कि ब्लेयर को रविवार रात करीब 11 बजे हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उड़ान के दौरान उन्होंने दो विमान परिचारिकाओं पर हमला किया और उनमें से एक को काट भी लिया। घायल परिचारिकाओं में से एक को चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, अभिनेत्री को जमैका अस्पताल ले जाते समय उन्होंने एक महिला पुलिस अधिकारी पर भी हमला किया। अस्पताल की एक नर्स ने भी उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, डेल्टा एयरलाइंस और संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
20 हजार डॉलर पर मिली जमानत
क्वींस की अदालत में सोमवार देर शाम ब्लेयर के खिलाफ हमले के दो आरोप तय किए गए। न्यायाधीश ने उन्हें 20 हजार डॉलर नकद या 60 हजार डॉलर के मुचलके पर जमानत दे दी। मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी को होगी। जमानत के बाद उनके वकीलों ने मीडिया से कोई टिप्पणी नहीं की।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय अभिनेत्री के साथ एक कुत्ता भी था। उनके वकील अस्पताल में उनसे मिले और कुत्ते को अपने साथ ले गए। ब्लेयर के एक प्रतिनिधि ने दावा किया कि उड़ान के दौरान अभिनेत्री को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद यह कथित घटना हुई।
इन फिल्मों से मिली पहचान
54 वर्षीय सेल्मा ब्लेयर ‘क्रुएल इंटेंशंस’, ‘लीगली ब्लॉन्ड’ और ‘हेलबॉय’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में सार्वजनिक रूप से बताया था कि वह मल्टीपल स्केलेरोसिस नामक बीमारी से पीड़ित हैं।
इससे पहले वर्ष 2016 में भी कैनकन से लॉस एंजिलिस जा रही उड़ान में उनके व्यवहार को लेकर विवाद हुआ था। उस समय शराब और दवा के सेवन के बाद होश में नहीं रहने की बात सामने आई थी और अभिनेत्री ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी थी।
