हरारे। जिम्बाब्वे में बुधवार को एक हेलिकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा राजधानी हरारे से करीब 70 किलोमीटर पूर्व मरोनडेरा इलाके में हुआ। दुर्घटना के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई। उसमें चार यात्री और दो क्रू सदस्य सवार थे। सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में 43 वर्षीय उद्योगपति विकनेल चिवायो और उनकी पत्नी लूसी मुतेके भी शामिल हैं। चिवायो को जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा का करीबी माना जाता था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पुलिस को दुर्घटना की सूचना बुधवार शाम करीब पांच बजे मिली। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच की जा रही है।
विकनेल चिवायो इंट्राट्रेक जिम्बाब्वे के संस्थापक थे। उनकी कंपनी ऊर्जा और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े काम करती थी। चिवायो कई सरकारी परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा में रहे। इनमें ग्वांडा सोलर प्रोजेक्ट का नाम प्रमुखता से सामने आया था।
चिवायो अपनी आलीशान जीवनशैली के लिए भी जाने जाते थे। वह सोशल मीडिया पर अक्सर महंगी कारों और हेलिकॉप्टरों के साथ तस्वीरें साझा करते थे। अफ्रीकी क्षेत्र के कई प्रभावशाली नेताओं के साथ उनके संबंध बताए जाते थे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो, तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन और इस्वातिनी के किंग मस्वाती तृतीय शामिल हैं।
उद्योगपति चिवायो का नाम अतीत में सरकारी ठेकों और चुनावी फंडिंग से जुड़े आरोपों को लेकर भी चर्चा में रहा था। रिपोर्टों में जिम्बाब्वे और आसपास के देशों में उनकी कारोबारी गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए गए थे। हालांकि, चिवायो ने इन आरोपों से इनकार किया था।
हेलिकॉप्टर दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से हादसे की तकनीकी वजह और हेलिकॉप्टर में सवार अन्य लोगों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। दुर्घटना ने चिवायो के कारोबारी और राजनीतिक संपर्कों के कारण भी व्यापक ध्यान खींचा है।