साइबर ठगी से बचाएगा उत्तराखंड STF का नया पोर्टल, एक क्लिक पर मिलेंगी जरूरी सेवाएं

देहरादून। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आम लोगों की सुविधा के लिए नई पहल की है। STF ने ‘साइबर पोर्टल हब’ नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जहां साइबर अपराध से संबंधित शिकायत, सुरक्षा और सहायता के लिए जरूरी आधिकारिक वेबसाइटों के लिंक एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए गए हैं।

STF के अनुसार cyberportalhub.org के जरिए नागरिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) तक आसानी से पहुंच सकते हैं। पोर्टल पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, महिला एवं बच्चों से जुड़े साइबर अपराध, सोशल मीडिया, डिजिटल भुगतान और अन्य साइबर सुरक्षा सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध है।

बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक या यौन शोषण सामग्री के ऑनलाइन प्रसार की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के लिए NCRP और ‘टेक इट डाउन’ जैसी सेवाओं की जानकारी भी यहां दी गई है। वहीं, बिना सहमति किसी वयस्क की निजी तस्वीर या वीडियो साझा किए जाने की स्थिति में ‘स्टॉप एनसीआईआई’ जैसी सेवा के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

STF ने लोगों से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन पर सूचना दें। पोर्टल पर भारतीय रिजर्व बैंक, उपभोक्ता शिकायत, डिजिटल भुगतान और UPI से संबंधित आधिकारिक सेवाओं के लिंक भी उपलब्ध हैं।

इसके अलावा सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने, फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने, किसी अन्य व्यक्ति के नाम से अकाउंट संचालित किए जाने या अपना अकाउंट वापस पाने जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के आधिकारिक शिकायत एवं रिपोर्टिंग माध्यमों के लिंक भी जोड़े गए हैं। बैंकिंग, दूरसंचार और ई-कॉमर्स सेवाओं से जुड़े उपयोगी लिंक भी इसमें शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में सही जानकारी और समय पर शिकायत बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि STF के अनुभव में यह सामने आया कि कम डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को सही पोर्टल और शिकायत प्रक्रिया खोजने में परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए साइबर पोर्टल हब को एक सरल डिजिटल संदर्भ केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.