10 मीटर एयर राइफल में भारत का डबल धमाका, हिमांशु-रुद्रांक्ष ने जीते पदक

आइची-नागोया, 21 सितंबर। एशियाई खेल-2026 में भारतीय निशानेबाजों ने सोमवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में दो पदक अपने नाम किए। हिमांशु ढिल्लों ने रजत और रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक जीता। चीन के शेंग लिहाओ ने बेहद करीबी मुकाबले में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

फाइनल की शुरुआत रुद्रांक्ष पाटिल ने दमदार अंदाज में की। उन्होंने पहली सीरीज में 52.8 और दूसरी सीरीज में 53.2 अंक हासिल कर शुरुआती बढ़त बनाई। 12 शॉट के बाद रुद्रांक्ष 127.4 अंक के साथ शीर्ष पर थे, जबकि हिमांशु 126.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर थे। चीन के शेंग लिहाओ 126.3 अंक के साथ तीसरे स्थान पर थे।

मुकाबला आगे बढ़ने के साथ पदक की दौड़ और रोमांचक होती गई। 16 शॉट के बाद शेंग 168.8 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गए, जबकि रुद्रांक्ष और हिमांशु 168.6-168.6 अंक के साथ बराबरी पर थे। हिमांशु ने 10.9 का शानदार शॉट लगाकर रुद्रांक्ष के करीब पहुंचने की कोशिश की, लेकिन अगले शॉट में 9.8 अंक आने से वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। हालांकि, 10.6 के शॉट के साथ उन्होंने फिर वापसी की।

20 शॉट के बाद शेंग ने अपनी बढ़त एक अंक तक कर ली। रुद्रांक्ष 210.6 और हिमांशु 210.0 अंक के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर थे। 22वें शॉट के बाद रुद्रांक्ष 230.9 अंक के साथ पदक की स्वर्णिम दौड़ से बाहर हो गए। उनका 9.7 का शॉट निर्णायक साबित हुआ। हिमांशु 231.0 अंक के साथ उनसे 0.1 अंक आगे रहते हुए रजत पदक जीतने में सफल रहे।

अंतिम दौर में हिमांशु और शेंग के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला हुआ। दोनों ने अंतिम शॉट में 10.6 अंक हासिल किए, लेकिन शेंग ने कुल 233.0 अंक के साथ स्वर्ण जीता।

इससे पहले रुद्रांक्ष, पार्थ माने और हिमांशु की टीम ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। वहीं, टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया। तैराकी में श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में जगह बनाई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.