आइची-नागोया, 21 सितंबर। भारतीय मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) खिलाड़ी सुचिका तारियाल ने एशियाई खेल-2026 में इतिहास रच दिया। सुचिका ने सोमवार को महिला पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह एशियाई खेलों में भारत के लिए एमएमए में पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
सुचिका को सेमीफाइनल मुकाबले में सिंगापुर की हुई हून तेओ के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही उनका कांस्य पदक पहले ही सुनिश्चित हो गया था। इस उपलब्धि के साथ भारत ने एशियाई खेलों में एमएमए में अपना पदक खाता खोल दिया।
सुचिका ने सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को मात दी थी। रविवार को हुए इस मुकाबले में बैगलमा ने दूसरे और अंतिम राउंड में आक्रामक शुरुआत करते हुए वापसी की कोशिश की। उन्होंने लगातार हमलों के जरिए सुचिका पर दबाव बनाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य और शानदार तकनीक का प्रदर्शन किया।
बैगलमा के आक्रमण के बीच सुचिका ने महत्वपूर्ण रिवर्सल करते हुए उन्हें जमीन पर गिराया और मुकाबले के अंत तक नियंत्रण बनाए रखा। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचाया और भारत के लिए एमएमए में पदक भी सुनिश्चित कर दिया।
एशियाई खेलों में भारत का प्रदर्शन अन्य खेलों में भी जारी रहा। सॉफ्ट टेनिस के मिश्रित युगल में आध्या तिवारी और जय मीणा ने ग्रुप-बी के मुकाबले में कंबोडिया की वीवा चाओ और चानरोसेका खुन को 5-0 से हराकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने मंगोलिया के बुद न्यामदोरज और एंखखुसलेन गानबातर को भी शिकस्त दी।
तैराकी में श्रीहरि नटराज ने पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में जगह बनाई, जबकि ऋषभ दास रिजर्व में हैं। मणि आकाश और गितेश शाह 50 मीटर फ्रीस्टाइल तथा धनुष सुरेश 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक के फाइनल में जगह नहीं बना सके।
वुशु में न्येमान वांगसू महिला चांगक्वान में 15वें स्थान पर रहीं। वहीं, टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया।