मुंबई, 19 सितंबर। अभिनेत्री और राजनीतिज्ञ खुशबू सुंदर ने सोशल मीडिया पर अभिनेत्री कैटरीना कैफ की ट्रोलिंग का विरोध करते हुए उनके समर्थन में आवाज उठाई है। हाल ही में सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आने के बाद कैटरीना के बदले हुए लुक और शरीर को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की टिप्पणियां की गईं। इन टिप्पणियों के बीच खुशबू ने महिलाओं के शरीर, उम्र और मातृत्व को लेकर समाज की सोच पर सवाल उठाया है।
खुशबू सुंदर ने इंस्टाग्राम और एक्स पर एक लंबा नोट साझा करते हुए कहा कि महिलाओं के शरीर में होने वाले सामान्य बदलाव आखिर हमेशा सार्वजनिक चर्चा का विषय क्यों बन जाते हैं। उन्होंने समाज के कथित दोहरे रवैये की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि पुरुषों के बाल सफेद होने पर उन्हें अक्सर परिपक्व और आकर्षक बताया जाता है। वहीं, पुरुषों के बढ़ते वजन या बाल झड़ने को लेकर उतनी कठोर टिप्पणियां नहीं की जातीं, जितनी महिलाओं के मामले में देखने को मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की उम्र बढ़ने के साथ उनके वजन, झुर्रियों और सफेद बालों तक को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं। खुशबू के मुताबिक महिलाओं को उनकी जवानी के दिनों के आधार पर आंकने की मानसिकता में बदलाव की जरूरत है।
कैटरीना का समर्थन करते हुए खुशबू ने कहा कि वह पहले भी खूबसूरत थीं, आज भी हैं और आगे भी रहेंगी। उन्होंने मातृत्व के बाद अपने शरीर में आए बदलावों का अनुभव भी साझा किया। खुशबू ने बताया कि वजन बढ़ने पर लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, जबकि वजन कम करने के बाद उन्हीं लोगों ने उनके खिलाफ तरह-तरह की अटकलें लगाईं और इंजेक्शन लेने जैसे आरोप लगाए।
खुशबू ने कैटरीना से कहा कि उन्हें अपने शरीर, मातृत्व, वजन या लुक को लेकर किसी को सफाई देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उन लोगों के प्रति जवाबदेह होने की जरूरत नहीं है, जो उनके बारे में राय बनाने को अपना अधिकार समझते हैं।
अपने संदेश में खुशबू ने कैटरीना को अपनी जिंदगी आत्मसम्मान और गरिमा के साथ अपनी शर्तों पर जीने की बात कही। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला के जीवन का केवल कोई एक दौर खास नहीं होता, बल्कि उसका पूरा जीवन महत्वपूर्ण होता है।