नेपाल आपदा में मदद के लिए उत्तराखंड से राहत दल रवाना, धामी ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और सहायता के लिए उत्तराखंड से आठ सदस्यीय दल शुक्रवार को रवाना हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेपाल भारत का केवल पड़ोसी देश ही नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध भी गहरे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में उत्तराखंड और भारत के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत दल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत दल प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग करेगा।

गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि नेपाल में आपदा की जानकारी मिलने के बाद सभा की ओर से राहत एवं सहायता के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। इसके बाद सभा की विभिन्न शाखाओं और सहयोगी संस्थाओं से राहत कार्यों में सहयोग की अपील की गई। उन्होंने बताया कि अभियान में कई संस्थाओं और लोगों ने सहयोग किया है।

राहत दल के रवाना होने के अवसर पर गोर्खा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही, शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरूंग, शमशेर थापा, टेकू थापा मगर, शंकर थापा, डम्मर थापा और लव तमांग समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

राहत दल के सदस्य नेपाल में प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय जरूरतों के अनुसार सहायता कार्यों में सहयोग करेंगे। आयोजन के दौरान नेपाल के प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए आपदा की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.