मुरैना, 17 सितंबर। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के पास हुआ। मृतकों में देवर-भाभी के अलावा दो बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी के अनुसार, बाइक सवार ग्वालियर की ओर से आ रहे थे। जेके टायर फैक्ट्री के पास सड़क पर कचरा ढोने वाला एक रिक्शा खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक रिक्शे से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार देवर-भाभी और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक की चपेट में चारों आ गए। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसे के कारणों और ट्रक की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सूरज कुशवाह (18) पुत्र दीवान कुशवाहा निवासी बासी, नीरजा कुशवाह (20) पत्नी अजय कुशवाहा निवासी भोना का पूरा लोहगढ़, श्रीकांत (10) पुत्र श्रीचंद्र कुशवाह और राजकुमारी (8) पुत्री बलबीर कुशवाह के रूप में हुई है। बताया गया है कि श्रीकांत नीरजा का भाई और राजकुमारी उनकी भतीजी थी।
एक ही परिवार से जुड़े चार लोगों की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।