बैंकिंग में आया नया बदलाव, यूनियन बैंक ने शुरू किया ‘यूनियन सुदर्शन’

देहरादून। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी डिजिटल बैंकिंग यात्रा को आगे बढ़ाते हुए ‘यूनियन सुदर्शन’ नामक केंद्रीकृत बैंकिंग इंटेलिजेंस हब का उद्घाटन किया है। बैंक के अनुसार यह पूरी तरह स्वचालित व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य बैंकिंग संचालन की निगरानी, जोखिम प्रबंधन और महत्वपूर्ण सूचनाओं को एक जगह उपलब्ध कराना है।

मुंबई स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एम.एस. मार्ग परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के सचिव संजय लोहिया (आईएएस) ने बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पाण्डेय की मौजूदगी में इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक नितेश रंजन और रामसुब्रमणियन एस सहित बैंक के बोर्ड के गैर-कार्यपालक निदेशक प्रकाश बलियारसिंह, डॉ. प्रीति जय राव और प्रकाश चंद्र कांडपाल भी मौजूद रहे। अन्य बैंकों, एलआईसी और भारतीय बैंक संघ के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बैंक के मुताबिक ‘यूनियन सुदर्शन’ विभिन्न महत्वपूर्ण बैंकिंग कार्यों और रियल टाइम इंटेलिजेंस को एक केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म पर लाने में मदद करेगा। इससे उपलब्ध आंकड़ों और संकेतों के आधार पर समय पर कार्रवाई, बेहतर निगरानी और निर्णय प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया गया है। बैंक का कहना है कि यह व्यवस्था डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसी कार्यक्रम के दौरान यूनियन बैंक ने ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से 14 नई रणनीतिक पहलों की शुरुआत भी की। इन पहलों को बैंक के क्षेत्रीय कर्मचारियों के साथ शोध और परामर्श के बाद तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य बैंकिंग सिस्टम को कर्मचारियों के लिए अधिक स्पष्ट और प्रभावी बनाना है, ताकि वे ग्राहकों की जरूरतों पर तेजी से प्रतिक्रिया दे सकें।

बैंक ने बताया कि नई पहलों के माध्यम से परिचालन दक्षता बढ़ाने के साथ कर्मचारियों को बेहतर निर्णय लेने और ग्राहकों को अधिक सहज सेवा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। ‘यूनियन सुदर्शन’ के जरिए तकनीक, डेटा और निगरानी को एक साथ जोड़कर बैंकिंग संचालन को अधिक उत्तरदायी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.