देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिनमें नन्हे प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में रेखा आर्या ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बच्चों के लिए मामा और वह स्वयं बुआ के रूप में उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने कहा कि राजकीय शिशु सदन में रहने वाले प्रत्येक बच्चे को बेहतर अवसर, सुरक्षित वातावरण और आगे बढ़ने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बच्चों को शिक्षा और विकास के समान अवसर देने के साथ उनकी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी या अन्य कारणों से माता-पिता अथवा संरक्षक को खोने वाले पात्र बच्चों की देखभाल, पुनर्वास और आर्थिक सहायता के लिए यह योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है।
खेलों में प्रतिभा दिखाने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना भी संचालित की जा रही है। इसके तहत चयनित बच्चों को प्रतिमाह 1500 रुपये की खेल छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं, नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह दिखाया और जन्मदिन समारोह में खुशी के साथ भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों और आयोजकों ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।