रुड़की। गणेश चतुर्थी पर्व के दूसरे दिन नगर निगम परिसर में भगवान श्री गणेश की संध्या आरती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित की गई। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विघ्नहर्ता गणपति के दर्शन किए और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना का आयोजन वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ आचार्य आर्यादि ने संपन्न कराया। इसके बाद विधिवत महाआरती हुई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की स्तुति करते हुए जयकारे लगाए। पूरा नगर निगम परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरलाल शास्त्री, वरिष्ठ समाजसेवी सचिन गुप्ता, पूजा गुप्ता, अरविंद गुप्ता, संजय तायल समेत कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन ओम सेवा मंडल की ओर से किया गया। मंडल से जुड़े गौरव सैनी, आशु अग्रवाल, सन्नी सिंघल, नीरज ठाकुर, कुँवर अग्रवाल, सचिन कपूर और मोहित अरोड़ा समेत अन्य सदस्य आयोजन में शामिल हुए। सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए पूजा और प्रसाद की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
महाआरती के बाद देर तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। भक्तों ने भजनों का आनंद लिया और धार्मिक वातावरण में भगवान गणेश का स्मरण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजकों ने कहा कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की आराधना से सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारे का संदेश मिलता है। कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के साथ पर्व मनाते हुए नगर की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।