ब्रिक्स बाजार में पहुंचीं ईरानी राष्ट्रपति की बेटी, खास अंदाज ने खींचा ध्यान

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में आयोजित ब्रिक्स बाजार इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बाजार में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, हथकरघा और टेक्सटाइल उत्पादों की विविध झलक देखने को मिल रही है। इसी बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की बेटी जहरा पेजेशकियान अपने पति हसन मजीदी के साथ ब्रिक्स बाजार पहुंचीं। इस दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

जहरा पेजेशकियान का बाजार में विशेष स्वागत किया गया। इस दौरान उनके पारंपरिक ईरानी परिधान ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने फुल-लेंथ ईरानी बुर्का पहना था, जिसके साथ ब्लू और मल्टीकलर प्रिंटेड हिजाब उनके लुक को खास बना रहा था। सादगी और पारंपरिक शैली वाला उनका पहनावा चर्चा का विषय रहा।

जहरा ने ब्रिक्स बाजार में लगाए गए विभिन्न पवेलियन का दौरा किया और अलग-अलग देशों की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा। उन्होंने भारतीय पवेलियन में भी समय बिताया और देश के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा तथा सांस्कृतिक विरासत की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए जहरा पेजेशकियान के स्वागत को सुखद अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें ब्रिक्स सदस्य और सहयोगी देशों की समृद्ध परंपराओं, कला, शिल्प और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का अवसर मिला।

ब्रिक्स बाजार का आयोजन कपड़ा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम एवं हस्तकला अकादमी में किया गया है। बाजार की शुरुआत 10 सितंबर को हुई थी और यह 15 सितंबर तक चलेगा। यहां आने वाले लोगों को विभिन्न देशों के पारंपरिक हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, टेक्सटाइल और अन्य रचनात्मक उत्पादों को देखने और उनकी विविध सांस्कृतिक विशेषताओं को समझने का अवसर मिल रहा है। ब्रिक्स बाजार भारत की सांस्कृतिक विविधता के साथ सदस्य देशों की साझा विरासत को भी प्रदर्शित कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.