‘हैवान’ की शुरुआत फीकी, अक्षय-सैफ की जोड़ी भी नहीं चला पाई फिल्म

मुंबई। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी वाली नई फिल्म ‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं कर पाई। फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन रिलीज के पहले दिन ही इसका प्रदर्शन कमजोर रहा। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में करीब 7,224 शो के बावजूद फिल्म ने पहले दिन लगभग 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

‘हैवान’ की धीमी शुरुआत ऐसे समय में हुई है, जब बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का दबदबा लगातार बना हुआ है। फिल्म ने रिलीज के 36वें दिन भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की। करीब 5,743 शो के साथ फिल्म ने 10.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में ‘हनुमान अंश’ की कुल कमाई 173.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

लेखक और निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी की किताब पर आधारित ‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित कहानी पर आधारित बताई गई है। लंबे समय से सिनेमाघरों में टिके रहने के कारण फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।

वहीं, पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अभिनीत ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है। फिल्म ने रिलीज के पहले सप्ताह में 148.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को इसकी कमाई में कुछ गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने करीब 9 करोड़ रुपये जुटाए।

दूसरे शुक्रवार की कमाई के बाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ का भारत में कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 157.45 करोड़ रुपये हो गया है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल तीन फिल्मों के प्रदर्शन में स्पष्ट अंतर नजर आ रहा है। ‘हैवान’ को जहां कमजोर शुरुआत से उबरने की चुनौती है, वहीं ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ लगातार मजबूत कमाई कर रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.