मुंबई, निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिल्म से अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के अलग होने के बाद सामने आई अलग-अलग वजहों को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं। अब दीपिका की सोशल मीडिया गतिविधि ने इस मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
दरअसल, दीपिका पादुकोण ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसी पोस्ट को लाइक किया है, जिसमें फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा और उनके भाई प्रणय रेड्डी के रुख पर सवाल उठाए गए थे। इस पोस्ट में दीपिका के फिल्म से अलग होने के फैसले का समर्थन किया गया और उनकी पेशेवर शर्तों को लेकर उठे सवालों पर प्रतिक्रिया दी गई थी।
पोस्ट में दावा किया गया कि दीपिका ने जिन शर्तों की मांग की थी, वे फिल्म इंडस्ट्री में पुरुष कलाकारों के लिए असामान्य नहीं हैं। साथ ही यह तर्क दिया गया कि जब कोई महिला कलाकार अपने काम से जुड़ी शर्तें रखती है या किसी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करती, तो उसे अलग नजरिए से देखना लैंगिक असमानता से जुड़ा सवाल खड़ा कर सकता है।
यह पोस्ट एक पत्रकार की ओर से की गई विस्तृत सोशल मीडिया टिप्पणी का हिस्सा बताई जा रही है। इसमें प्रणय रेड्डी के कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी गई थी, जिसमें दीपिका पर फिल्म के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगने और फिल्म से जुड़ी जानकारी लीक करने के आरोपों की चर्चा हुई थी। दीपिका द्वारा इस पोस्ट को लाइक किए जाने के बाद इसे उनके पक्ष की अप्रत्यक्ष प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, दीपिका ने अभी तक इस पूरे विवाद पर कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। इसलिए सोशल मीडिया पर उनकी यह गतिविधि ही चर्चा का विषय बनी हुई है।
दीपिका के फिल्म से बाहर होने के बाद ‘स्पिरिट’ में तृप्ति डिमरी को प्रभास के साथ मुख्य भूमिका में लिया गया है। विवेक ओबेरॉय भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज 5 मार्च 2027 को प्रस्तावित बताई जा रही है।
वहीं, दीपिका के आगामी प्रोजेक्ट्स में शाहरुख खान के साथ ‘किंग’ और निर्देशक एटली की ‘राका’ शामिल बताई जा रही हैं। ‘राका’ में उनके अल्लू अर्जुन के साथ नजर आने की चर्चा है।