यमकेश्वर के रक्षाबंधन समारोह में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब, हेमंत द्विवेदी ने लिया विकास का संकल्प

यमकेश्वर/देहरादून। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के थलनदी मैदान में भाजपा संगठन की ओर से बुधवार को वृहत रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मातृशक्ति को नमन करते हुए सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्षेत्र की बहनों ने हेमंत द्विवेदी सहित अन्य अतिथियों को राखी बांधी।

कार्यक्रम से पहले भाजपा पदाधिकारियों ने स्थानीय वाद्य यंत्रों के साथ हेमंत द्विवेदी का स्वागत किया। आयोजन में यमकेश्वर मंडल, महिला मोर्चा, शक्ति केंद्रों और विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमंत द्विवेदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच विश्वास, प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय सभ्यता और संस्कृति की गहरी परंपराओं से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की खुशियों का आधार होने के साथ-साथ संस्कारों की वाहक और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ना चाहिए।

द्विवेदी ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी पहलों को महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाला बताया।

उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर यमकेश्वर क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय युवा मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.