‘बाला गौरिया’ का टीजर लॉन्च, उत्तराखंड की लोकगाथा अब पहुंचेगी देश-दुनिया तक

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक आख्यानों पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ के टीजर और पोस्टर का लोकार्पण किया। हिमाद्रि प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही यह फिल्म उत्तराखंड में न्याय के देवता के रूप में प्रतिष्ठित गोलज्यू के बाल जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता मनोज चंदोला हैं। फिल्म के अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।

टीजर और पोस्टर के लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक परंपराएं, लोकगाथाएं और लोक देवताओं की परंपरा प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में इन समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ देश और दुनिया के सामने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का माध्यम बन सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन को लगातार बढ़ावा दे रही है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत इसे फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर स्थान बनाती हैं। सरकार फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं, अनुकूल माहौल और अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन नीति में शूटिंग को प्रोत्साहन देने और विभिन्न स्थानों पर फिल्म सिटी विकसित करने से जुड़े प्रावधान किए गए हैं। इसका उद्देश्य उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म निर्माण से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही प्रदेश की कला, बोली-भाषा, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलेगी।

उन्होंने फिल्म निर्माताओं से उत्तराखंड की अन्य लोकगाथाओं और लोक देवताओं पर भी फिल्में बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर निर्माता मनोज चंदोला समेत फिल्म से जुड़े कलाकार और टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.