After Header-1

अंतरिक्ष में पहली बार कैमरे में कैद हुई अनोखी घटना, एक तारे ने सात साल में निगल लिया अपना साथी

नई दिल्ली। अंतरिक्ष की दुनिया में वैज्ञानिकों ने एक ऐसी दुर्लभ खगोलीय घटना का अध्ययन किया है, जिसने तारों के जन्म और विकास से जुड़ी वैज्ञानिक समझ को नई दिशा दी है। खगोलविदों ने हमारी पड़ोसी एंड्रोमेडा गैलेक्सी में एक विशाल तारे को अपने छोटे साथी तारे को निगलते हुए देखा है। धरती से करीब 25 लाख प्रकाश वर्ष दूर हुई इस घटना को तारकीय विलय की अब तक की महत्वपूर्ण खोजों में गिना जा रहा है।

अध्ययन के अनुसार, इस लाल सुपरजायंट तारे को ‘बिग बाओ’ नाम दिया गया है, जबकि इसके छोटे साथी को ‘लिटिल बाओ’ कहा गया है। इस घटना का आधिकारिक नाम एटी 2025 अबाओ (AT 2025abao) है। बिग बाओ का द्रव्यमान सूर्य से करीब सात गुना, आकार लगभग 350 गुना बड़ा और चमक 18 हजार गुना अधिक थी। वहीं, उसके साथी तारे का द्रव्यमान सूर्य का लगभग 70 प्रतिशत था।

वैज्ञानिकों के मुताबिक, दोनों तारे हजारों वर्षों से एक-दूसरे की परिक्रमा कर रहे थे। समय के साथ बिग बाओ का आकार बढ़ने लगा और उसका बाहरी हिस्सा छोटे तारे के संपर्क में आ गया। इसके बाद लिटिल बाओ विशाल तारे की बाहरी गैस को खींचने लगा। इस प्रक्रिया में उसकी कक्षीय ऊर्जा कम होती गई और वह धीरे-धीरे मुख्य तारे के केंद्र की ओर बढ़ने लगा।

आमतौर पर ऐसी प्रक्रिया में लंबा समय लगता है, लेकिन इस मामले में महज सात वर्षों के भीतर दोनों तारों का विलय हो गया। छोटा तारा अंततः विशाल तारे के केंद्र में समा गया। इस दौरान जबरदस्त विस्फोट हुआ और सूर्य के द्रव्यमान के लगभग 0.1 से 0.2 गुना के बराबर पदार्थ अंतरिक्ष में फैल गया।

इस घटना पर वैज्ञानिकों की नजर पहली बार फरवरी 2023 में पड़ी, जब विभिन्न टेलीस्कोप के आंकड़ों में तारे की चमक असामान्य रूप से बढ़ती दिखाई दी। पुराने रिकॉर्ड से पता चला कि 2018 के बाद इसकी चमक में लगातार बदलाव हो रहा था। 17 अक्टूबर 2025 को इसमें तेज विस्फोट और तापमान में अचानक वृद्धि दर्ज की गई।

नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने विस्फोट के चरम पर पहुंचने के 47 दिन बाद इसके आंकड़े जुटाए। वैज्ञानिकों ने इन्फ्रारेड डेटा और कंप्यूटर सिमुलेशन की मदद से पूरी घटना का विश्लेषण किया।

यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वैज्ञानिक लंबे समय से ऐसी घटनाओं का अनुमान लगा रहे थे, लेकिन पहली बार उन्हें इतने करीब से समझने का अवसर मिला है। इससे तारों के विलय की प्रक्रिया और उसके प्रभावों का अध्ययन करने में नई मदद मिलेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.