मुंबई, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक यानी एजीएम 18 सितंबर को मुंबई में आयोजित होगी। बैठक में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन समेत दो निर्वाचित पदों पर चुनाव और अंडमान-निकोबार क्रिकेट एसोसिएशन को एसोसिएट सदस्यता देने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बैठक की तारीख की पुष्टि की है और सभी 38 राज्य इकाइयों को इसकी सूचना भेजी जा चुकी है।
एजीएम में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के लिए चुनाव होगा। इनमें चेयरमैन का पद भी शामिल है, जिस पर फिलहाल अरुण धूमल हैं। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी ए.के. ज्योति ने चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। सदस्यों को अपने प्रतिनिधियों के नामांकन के लिए 31 अगस्त तक आवेदन करना होगा, जबकि वैध उम्मीदवारों की सूची सितंबर में जारी की जाएगी। दोनों पदों पर चुनाव निर्विरोध होने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने से जुड़ा है। इस प्रस्ताव पर पहले भी बीसीसीआई की शीर्ष परिषद में चर्चा हो चुकी है। यदि प्रस्ताव मंजूर होता है तो द्वीप समूह में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को विकसित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, एसोसिएट सदस्यता मिलने के साथ तत्काल मतदान का अधिकार नहीं मिलेगा।
अंडमान-निकोबार की टीम को तुरंत घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उतारने की भी संभावना नहीं है। पहले खिलाड़ियों को तैयार करने, क्रिकेट सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी माहौल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके बाद भविष्य में टीम को बीसीसीआई की घरेलू प्रतियोगिताओं में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
एजीएम के एजेंडे में इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में शामिल करने, बीसीसीआई के ओम्बड्समैन और एथिक्स ऑफिसर की नियुक्ति तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दे भी शामिल हैं। इसके अलावा आईसीसी में बीसीसीआई के प्रतिनिधि की नियुक्ति पर भी विचार किया जाएगा।