‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में मचा उत्साह, 35 हजार छात्रों ने भेजे निबंध

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने राज्य के भविष्य और विकास को लेकर अपने विचार साझा किए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान युवाओं से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विजन को निबंध के माध्यम से साझा करने का आह्वान किया था। अभियान के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों के सुझावों और विचारों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा। बेहतर और व्यावहारिक सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में भी विचार किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल भविष्य का दर्शक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास की नीति प्रक्रिया का भागीदार बनाना है।

अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाना है। मुख्यमंत्री ने इन विचारों के लेखकों के साथ शासन के वरिष्ठ सचिवों की मौजूदगी में चर्चा करने और विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने की बात कही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारी में मदद के लिए छात्रवृत्ति तथा अन्य पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है।

आयोजकों के अनुसार, निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है। इससे छात्रों में अभियान को लेकर उत्साह और बढ़ा है। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इसमें सक्रियता से भाग ले रहे हैं। उनके मुताबिक, हर मिनट प्रदेश के किसी न किसी हिस्से से पोर्टल पर निबंध अपलोड किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान जेन-जी और अल्फा जेनरेशन के विद्यार्थियों को एक साथ जोड़ रहा है। निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.