उपनल से विदेश में नौकरी का रास्ता खुलेगा, पूर्व सैनिकों और युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका

देहरादून। पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उपनल को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में गढ़ी कैंट स्थित उपनल कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक में रोजगार और कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने विदेशों में रोजगार के लिए चल रहे डॉक्यूमेंटेशन कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के युवाओं को जल्द विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

बैठक में उपनल के नए कार्यालय भवन के निर्माण से जुड़े विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा प्रदेश के अग्निवीरों को सैन्य सेवा पूरी करने के बाद रोजगार और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि अग्निवीरों के पास अनुशासन, प्रशिक्षण और विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव होता है। ऐसे युवाओं के कौशल का प्रदेश में बेहतर इस्तेमाल करने के लिए प्रभावी रोजगार व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।

गणेश जोशी ने उपनल के बंद होने से संबंधित चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उपनल बंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि संस्था को और मजबूत बनाया जाएगा तथा इसके कार्यक्षेत्र का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और युवाओं को रोजगार का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को उपनल की योजनाओं और उपलब्ध रोजगार अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, जिससे पात्र लोगों तक जानकारी पहुंच सके और वे समय पर योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जे.एन. बिष्ट समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और पूर्व सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.