SIR पर सीडीओ सख्त, अनोमलीज-नो मैपिंग को लेकर मतदाताओं को दी बड़ी राहत

देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति के साथ अनोमलीज, नो-मैपिंग नोटिस, दावे-आपत्तियों और प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।

सीडीओ अभिनव शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR प्रक्रिया में तेजी के साथ पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अनोमलीज या नो-मैपिंग की स्थिति सामने आने पर मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों के नियमानुसार परीक्षण के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। सीडीओ ने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिए कि वे मतदाताओं को SIR की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं।

बैठक में दावे और आपत्तियों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को SIR से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों और अनोमलीज व नो-मैपिंग मामलों की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक के दौरान प्रपत्र संख्या 9, 10, 11, 11ए और 11बी की अद्यतन सूचियां भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं।

सीडीओ ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण के इस कार्य में सहयोग करने की अपील की। बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र ज्वांठा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.