गाजणा क्षेत्र में पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, ग्रामीणों से सुनी समस्याएं

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने गाजणा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का व्यापक भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ठाण्डी, कमद, कुमारकोट, सौड़, लोदाड़ा, धोन्त्री और गोरषाड़ा गांवों का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में हुई असमयिक घटनाओं पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और शोकाकुल परिजनों को अपनी संवेदनाएं दीं।

भ्रमण के दौरान सजवाण ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र से जुड़े जनसरोकारों, स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर लोगों से विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं और अपेक्षाओं को उनके सामने रखा।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनता से निरंतर संवाद करना जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गाजणा क्षेत्र के लोगों के सुख-दुःख में वह आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे।

सजवाण ने कहा कि गाजणा क्षेत्र हमेशा उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपतहसील की स्थापना कराई गई थी, जिसका लाभ वर्तमान में स्थानीय लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि जलकुर नदी से काश्तकारी भूमि के कटाव की समस्या को देखते हुए करोड़ों रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य भी कराए गए। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीणों की कृषि भूमि और क्षेत्र की संपत्ति को नदी के कटाव से बचाना था।

भ्रमण के दौरान जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, ज्येष्ठ प्रमुख डुंडा के प्रतिनिधि अब्बल सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य बड़ाहाट प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राणा (राजू), ग्राम प्रधान कमद भरत चौहान, सीरी प्रधान तेजपाल सिंह राणा, बढ़ेथ प्रधान आशुतोष बिष्ट, नितिन नौटियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.