देहरादून में बन रहा 132 एकड़ का राष्ट्रपति उद्यान, जॉगिंग ट्रैक से ओपन एयर थिएटर तक होंगी ये सुविधाएं
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान अब आकार लेने लगा है। करीब 132 एकड़ क्षेत्रफल में तैयार हो रहे इस विश्वस्तरीय उद्यान का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने उद्यान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
डीएम ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक शुक्रवार को की जाएगी, ताकि निर्माण कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान केवल एक पार्क नहीं होगा, बल्कि यह देहरादून की नई पहचान के रूप में विकसित किया जा रहा है। उद्यान में हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक साथ बढ़ावा देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तैयार होने के बाद यह देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का बड़ा केंद्र बन सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, उद्यान से जुड़े विद्युत कार्य करीब 80 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं, जबकि उद्यान विभाग का लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। परिसर में थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट और करीब 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक भी तैयार किया जा रहा है।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योग पवेलियन, व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन और विशाल लीची गार्डन विकसित किए जा रहे हैं। स्पोर्ट्स जोन का करीब 50 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।
आगंतुकों की सुविधा के लिए तीन भव्य प्रवेश द्वार और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सीपीडब्ल्यूडी की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स फर्म द्वारा कराए जा रहे सिविल कार्यों में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।