CSR पहल के तहत स्थानीय युवाओं को मिलेगा कौशल विकास का अवसर, रोजगार की राह होगी आसान
गोड्डा। जितपुर खनन परियोजना क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टेरी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन ने 15 स्थानीय युवाओं को एक माह के एलएमवी (लाइट मोटर व्हीकल) ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए गोड्डा स्थित दीक्षित ऑटो ड्राइविंग सेंटर भेजा है। प्रशिक्षण में 13 युवक एवं 2 युवतियां शामिल हैं, जिन्हें व्यावसायिक ड्राइविंग का प्रशिक्षण देकर भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत पहाड़पुर की पंचायत प्रधान मेरी मार्गरेट ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं के भविष्य को संवारने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
एक माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं व्यावसायिक ड्राइविंग, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा व्यवहारिक प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना प्रमुख रितेश कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और क्षेत्र में स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करना है।
जितपुर खनन परियोजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े अनेक कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण की यह पहल भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है, जो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।