सीमा कालीरामना ने रचा इतिहास, डिस्कस थ्रो में भारत को कांस्य

ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय एथलेटिक्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत की सीमा कालीरामना ने गुरुवार को महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। सीमा ने अपने दूसरे प्रयास में 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जो उन्हें पोडियम तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त रहा।

सीमा के छह में से केवल दो प्रयास ही वैध रहे, लेकिन दूसरे प्रयास में हासिल की गई दूरी ने उन्हें प्रतियोगिता में मजबूत स्थिति दिला दी। उनके इस प्रदर्शन के साथ भारत ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो में राष्ट्रमंडल खेलों का नौवां पदक हासिल किया।

इस स्पर्धा में भारत की दूसरी एथलीट निधि रानी भी मैदान में थीं। निधि ने 57.10 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और चौथे स्थान पर रहीं। वह मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गईं।

महिलाओं के डिस्कस थ्रो में इस बार जमैका की सामंथा हॉल ने 61.66 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर की दूरी तय कर रजत पदक अपने नाम किया।

सीमा कालीरामना की कांस्य पदक जीतने के साथ ही भारत के लिए इस स्पर्धा में पदक विजेताओं की संख्या छह अलग-अलग एथलीटों तक पहुंच गई है। वहीं, सीमा पूनिया के नाम राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के डिस्कस थ्रो के चार पदक हैं, जिनमें तीन रजत पदक शामिल हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.