उत्तराखंड की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में जलवा, सीएम धामी ने किया सम्मानित

उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पिथौरागढ़ की प्रतिभाशाली मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। उनकी उपलब्धियां राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

हाल ही में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।

वहीं, पिथौरागढ़ की ही मुक्केबाज आरती धारियाल ने प्रतिष्ठित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश के खेल इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी।

निकिता चंद का खेल सफर लगातार सफलता से भरा रहा है। पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की रहने वाली निकिता वर्ष 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह प्रशिक्षक बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक और विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में भी देश का गौरव बढ़ा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.