‘हिमालय ब्रांड’ से दुनिया तक पहुंचेगा उत्तराखंड का स्वाद, आम महोत्सव में सीएम धामी का बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘हिमालय ब्रांड’ ने उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग के कारण राज्य के उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।

मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों, बागवानों तथा कृषि विशेषज्ञों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद, गुणवत्ता और विविधता के मामले में देश के श्रेष्ठ आमों में शामिल हैं। यह महोत्सव राज्य की समृद्ध बागवानी क्षमता और किसानों की मेहनत का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि एवं बागवानी को नई दिशा देने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के साथ-साथ एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति तथा सुगंधित और औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक और रसायन मुक्त उत्पादों की मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ रही है, जिससे किसानों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि के साथ-साथ शिक्षा, निवेश, पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में भी तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग करने और बागवानी क्षेत्र को नई पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से किसानों का उत्साह बढ़ता है और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड कृषि, बागवानी और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.