‘लखपति दीदी’ सम्मेलन में सतपाल महाराज का बड़ा संदेश, महिलाओं को लेकर कही अहम बात

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, स्वावलंबी और नेतृत्व के लिए सक्षम बनाना भी है।

बुधवार को विकासखंड मुख्यालय एकेश्वर (पणखेत) में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि देशभर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करोड़ों महिलाएं अपने परिश्रम और कौशल के दम पर परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव आज पूरे देश में दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों से 48 लखपति दीदी बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नूतन तनू पंत सहित समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 48 वरिष्ठ महिलाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।

सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं सदियों से खेती, पशुपालन, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करती रही हैं। अब जरूरत है कि उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता से जोड़कर उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें, स्वरोजगार अपनाएं और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि जब मातृशक्ति आर्थिक रूप से मजबूत होगी, तभी उत्तराखंड और देश के समग्र विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा और संगठन के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.