सीडीएस जनरल सुब्रमणि से मिले गणेश जोशी, सैन्यधाम को लेकर हुई अहम चर्चा

उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में देश के नवनियुक्त चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनरल सुब्रमणि को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की।

बैठक के दौरान दोनों के बीच भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं, सैन्य विरासत तथा गढ़वाल राइफल्स से जुड़े अनुभवों पर विस्तृत चर्चा हुई। सैनिक कल्याण मंत्री ने उत्तराखंड के सैन्य इतिहास और वीर सैनिकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए चल रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की।

गणेश जोशी ने देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम परियोजना का उल्लेख करते हुए सीडीएस से विशेष सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने सैन्यधाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए भारतीय सेना के आर्मी बैंड की प्रस्तुति सुनिश्चित कराने तथा वहां विकसित किए जा रहे सैन्य संग्रहालय (म्यूजियम) के लिए सेना की ओर से आवश्यक सामग्री और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

सीडीएस जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने मंत्री की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और सैन्यधाम परियोजना के लिए भारतीय सेना की ओर से अपेक्षित सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आश्वासन भी दिया।

बैठक में उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, राज्य के सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों ने इस बात पर सहमति जताई कि सैन्यधाम केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और सैन्य विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

गणेश जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय सेना के सहयोग से सैन्यधाम परियोजना और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक रूप में विकसित होगी, जिससे देशभर से आने वाले लोगों को भारतीय सेना के इतिहास और उत्तराखंड के वीर जवानों के योगदान को निकट से जानने का अवसर मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.