सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने से क्यों किया इनकार?

नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले 23 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ हुई कथित कार्रवाई को देखते हुए फिलहाल अनशन समाप्त करना उचित नहीं होगा।

सफदरजंग अस्पताल से सोमवार को जारी हस्तलिखित संदेश में वांगचुक ने कहा कि उनका अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक युवा प्रतिनिधियों को संसद भवन में सांसदों से अपनी बात रखने की अनुमति नहीं मिलती या फिर उन्हें स्वयं अस्पताल में आकर उनसे मिलने की इजाजत नहीं दी जाती। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि सरकार जल्द शिक्षा मंत्री की जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।

वांगचुक ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उकसावे के बावजूद युवाओं ने जिस संयम और शांतिपूर्ण व्यवहार का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आंदोलन में शामिल युवा आगे भी धैर्य और शांति बनाए रखेंगे।

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर स्थित केरल हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है और संगठन सरकार के जवाब का इंतजार कर रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.