चारधाम यात्रा अचानक क्यों रोकी गई? प्रशासन ने बताई बड़ी वजह

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं के बाद यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया।

गढ़वाल आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों से मौसम और यात्रा मार्गों की ताजा स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग में मौजूद सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों और निर्धारित पड़ावों पर ठहराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए।

आयुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों को मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए यात्रियों तक समय पर सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद चारधाम यात्रा का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और अफवाहों पर विश्वास न करें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.