सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर मुख्यमंत्री धामी को विभिन्न संगठनों ने दी बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनप्रतिनिधि संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सभी प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री से मिलने वालों में गुरुद्वारा सभा, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, किसान आयोग, अखिल गढ़वाल सभा और प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव आम जनता तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और समावेशी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पारदर्शिता, सुशासन, सेवा और जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और इन्हीं मूल्यों के आधार पर प्रदेश को विकास के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास लगातार जारी है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार सभी के सुझावों और सहयोग के साथ प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.