उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान पूर्व विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और जनहितकारी फैसलों की सराहना करते हुए कहा कि इनका लाभ प्रदेश के आम नागरिकों तक पहुंच रहा है और राज्य के समग्र विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी पूर्व विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना और सभी क्षेत्रों में संतुलित प्रगति सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों, समाज और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
पूर्व विधायकों ने भी राज्य में बीते वर्षों के दौरान विकास, जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की प्रशंसा की और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, दिनेश अग्रवाल, देशराज कर्णवाल, लाखीराम जोशी, पुष्पेश त्रिपाठी, धन सिंह नेगी, केदार सिंह रावत, राजकुमार, विजया बड़थ्वाल, सुरेश चंद्र आर्य और जोत सिंह गुनसोला शामिल रहे।