देहरादून में ब्रह्माकुमारी प्रेम बहन को श्रद्धांजलि, ‘विश्व उत्कर्ष के लिए आध्यात्मिक जागृति’ अभियान का शुभारंभ
ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ राजयोगिनी प्रेम लता बहन (प्रेम बहन) के नौवें स्मृति दिवस पर शनिवार को देहरादून के सुभाष नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र में ‘विश्व उत्कर्ष के लिए आध्यात्मिक जागृति’ विषयक अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, ब्रह्माकुमारीज महिला प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष बीके शारदा दीदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा राजयोगिनी प्रेम बहन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। स्वागत संबोधन में बीके मंजू दीदी ने प्रेम बहन के छह दशक लंबे आध्यात्मिक सेवा कार्यों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 की यह नई थीम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगी।
बीके शारदा दीदी ने कहा कि प्रेम बहन ने सादगी, पवित्रता और निस्वार्थ सेवा के माध्यम से उत्तराखंड में आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों की रक्षा के लिए आत्मचिंतन, आध्यात्मिक जीवन और अनुशासन आवश्यक है।
मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी अपने स्थापना काल में थी। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं को बदलने से होती है। आध्यात्मिकता व्यक्ति को आत्मज्ञान और आंतरिक शांति का मार्ग दिखाती है। उन्होंने बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी अच्छे संस्कार देने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज केंद्रों से उन्हें जीवन जीने की सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि में संस्था के योगदान की सराहना की। साथ ही नशामुक्ति अभियान में ब्रह्माकुमारीज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, बीके मीना दीदी सहित अनेक वक्ताओं ने आध्यात्मिक जीवन, नारी शक्ति और सामाजिक मूल्यों पर विचार व्यक्त किए। अंत में राजयोग अभ्यास, भक्ति गीतों और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ आयोजन संपन्न हुआ।