मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए 28 करोड़ रुपये किए मंजूर, कई जिलों को बड़ी सौगात

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और आधारभूत संरचना को गति देने के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग सड़क, पुल, धार्मिक स्थलों के विकास, पुलिस आवास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग निर्माण हेतु 97.09 लाख रुपये मंजूर किए हैं। वहीं मूनाकोट विकासखंड के ग्राम भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में ग्राम भूड़ महोलिया में छठ पूजा स्थल के निर्माण के लिए 2.70 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग के द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के विकास के लिए 54.81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

सड़क एवं पुल निर्माण के तहत पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक सीसी संपर्क मार्ग के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। उधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा भीमताल-नैकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधार कार्य के लिए 2.46 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में अकबरपुर-खुंडेवाली-लोदीवाला-झबरेड़ा मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 66.68 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप-3 श्रेणी के छह आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क, बुनियादी सुविधाओं और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेश आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को भी लाभ होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.