After Header-1

केदारनाथ-बद्रीनाथ परियोजनाओं पर बड़ा अपडेट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड सरकार ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम से जुड़ी विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो और श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

यात्रा क्षेत्र में बढ़ते पर्यटकों और श्रद्धालुओं को देखते हुए मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ के लिए एक व्यापक और एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक और व्यवस्थित निस्तारण किया जाना जरूरी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से वित्तीय, तकनीकी और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ परियोजना से जुड़े कंटेंट और आर्टवर्क का काम भी समानांतर रूप से शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य तय समय पर पूरे किए जा सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों धामों में विकसित हो रही परिसंपत्तियों और विभिन्न सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार संस्थाओं का निर्धारण समय रहते कर लिया जाए, ताकि परियोजनाओं के हैंडओवर के बाद रखरखाव और संचालन में किसी तरह की परेशानी न आए।

बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार तथा संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.