उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और देहरादून में ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।
मनवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर सचिव विद्यालयी शिक्षा तथा ओबीसी छात्रावास के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर प्रमुख सचिव समाज कल्याण को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
चौहान ने कहा कि चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी और टिहरी जनपदों के बीच एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां दोनों जिलों के लोगों का नियमित आवागमन रहता है। लंबे समय से यहां केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग उठती रही है। यदि यह विद्यालय स्थापित होता है तो दोनों जिलों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती शिक्षा का लाभ मिलेगा। साथ ही सीमांत और पर्वतीय क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को भी नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र की जनता कई वर्षों से इस मांग को लगातार उठा रही है। ऐसे में इस परियोजना को मंजूरी मिलना क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान होगा।
इसके अलावा चौहान ने देहरादून में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण की आवश्यकता भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को आवास की समस्या के कारण पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छात्रावास बनने से उन्हें सुरक्षित और किफायती आवास की सुविधा मिल सकेगी।
चौहान ने विश्वास जताया कि दोनों परियोजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केवल घोषणाएं करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देते हैं। उनका फोकस शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर पलायन रोकने तथा यमुनोत्री क्षेत्र को पर्यटन और विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने पर है।