पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्ला बोल, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी देहरादून को सौंपते हुए शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों का समय और मेहनत लगाने वाले अभ्यर्थी बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाओं के निरस्त होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी के कारण मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है।

डॉ. गोगी ने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी अनिश्चितता और बढ़ते मानसिक दबाव के कारण कई युवा अवसाद की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि व्यवस्था की संवेदनहीनता का प्रतीक है।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बावजूद पेपर लीक की घटनाएं नहीं थम रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद कई बड़ी भर्ती परीक्षाओं पर धांधली के आरोप लगे हैं, जिससे युवाओं का मनोबल प्रभावित हुआ है।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की है कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जाए, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए तथा प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.