भोपाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच एक ट्रिप विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 20 जून 2026 को संचालित की जाएगी, जिससे मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से भोपाल पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर और सुगम यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नीट परीक्षा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा देने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी भोपाल पहुंचते हैं, ऐसे में स्पेशल ट्रेन उनके लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन 20 जून को इंदौर स्टेशन से सुबह 11:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर होते हुए शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी। इससे इंदौर और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन उसी दिन शाम 7:40 बजे भोपाल स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी और उज्जैन में ठहराव के बाद अगले दिन रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी।
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए हैं। इनमें 13 स्लीपर कोच, दो सामान्य श्रेणी के डिब्बे और दो एसएलआर/डी कोच शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी यात्री एनटीईएस, रेलवन ऐप या भारतीय रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।