मंडला। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 53 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रानी अवंती बाई वार्ड निवासी राहुल विश्वकर्मा अवैध रूप से शराब का भंडारण कर कारोबार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से करीब 53 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसे सीताराम विश्वकर्मा के कब्जे से जब्त किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर सीताराम विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि वह राहुल विश्वकर्मा के साथ मिलकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त था। दोनों आरोपी लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राहुल विश्वकर्मा और सीताराम विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
जब्त शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखा है और आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी, इसे किस क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।