Kainchi Dham मेला : देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालु 

15 जून को सुबह पांच बजे से ही बाबा के भक्तों के बीच होगा महाप्रसाद का वितरण, मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने की चाक-चौबंद व्यवस्था...   

नैनीताल। देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था के केंद्र बाबा नींब करौरी के कैंची धाम का स्थापना दिवस मेला इस बार सुरक्षा, सेवा और भक्ति का एक अनूठा संगम बनकर उभरा है। 15 जून को आयोजित होने वाले इस मुख्य मेले के लिए मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने मिलकर चाक-चौबंद व्यवस्था की है। आश्रम में अखंड रामायण पाठ, विशेष मंत्रोच्चार, हवन और महाआरती के साथ ही विश्व कल्याण और समृद्धि की कामना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का दौर पूरा हो चुका है। सोमवार सुबह पांच बजे से ही बाबा के भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा, जिसकी पैकिंग के लिए स्वयंसेवक दिन-रात जुटे रहे।

लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और स्वास्थ्य के मोर्चे पर अभूतपूर्व तैयारी की गई है। चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखने के लिए समूचे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और गहन चेकिंग के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं, वहीं गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने हाईवे पर विशेष कैंप लगाकर सौ से अधिक बीमार श्रद्धालुओं का इलाज भी शुरू कर दिया है।

इस महापर्व की संवेदनशीलता और अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार बेहद व्यावहारिक कदम उठाया है। जिलाधिकारी के आदेशानुसार नैनीताल, भीमताल और बेतालघाट के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून को अवकाश घोषित किया गया है, ताकि स्कूली बच्चों को कोई असुविधा न हो और श्रद्धालुओं की राह भी आसान हो सके। चारों तरफ गूंजते हनुमान चालीसा के पाठ और बाबा के जयकारों के बीच आस्था का यह महासागर उमड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.