Badrinath-Kedarnath के लिए हेली सेवा पर 14 सितंबर तक ब्रेक 

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश, भूस्खलन और कोहरे के कारण होने वाले हवाई जोखिमों से बचने के लिए एहतियातन रोका गया है। अब यह सेवाएं मानसून सीजन बीतने के बाद 15 सितंबर से दोबारा बहाल की जाएंगी...

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक और लगातार खराब होते मौसम को देखते हुए प्रशासन व विमानन कंपनियों ने बड़ा फैसला लिया है। देहरादून के जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली लोकप्रिय एमआई-17 हेलीकॉप्टर सेवा पर 14 सितंबर तक के लिए पूरी तरह ब्रेक लगा दिया गया है। रुद्राक्ष एविएशन द्वारा संचालित इस सेवा को पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश, भूस्खलन और कोहरे के कारण होने वाले हवाई जोखिमों से बचने के लिए एहतियातन रोका गया है। अब यह सेवाएं मानसून सीजन बीतने के बाद 15 सितंबर से दोबारा बहाल की जाएंगी।

बीते 30 अप्रैल से शुरू हुई इस सेवा के जरिए महज डेढ़ महीने के भीतर करीब 1450 श्रद्धालुओं ने दोनों धामों के दर्शन किए। एमआई-17 हेलीकॉप्टर रोजाना दो उड़ानों के जरिए यात्रियों को सुगम सफर मुहैया करा रहा था, लेकिन बरसात में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि होने के कारण उड़ानों को नियमित रखना मुमकिन नहीं था। हालांकि, बाबा के भक्तों के लिए राहत की बात यह है कि कपाट बंद होने तक के दूसरे चरण की यात्रा के लिए कंपनी ने 15 सितंबर के बाद की एडवांस बुकिंग अभी से शुरू कर दी है, ताकि कपाट बंद होने से पहले श्रद्धालु सुचारू रूप से दर्शन कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.